भजन संहिता अध्याय 98
1
भजन यहोवा के लिये एक नया गीत गाओ, क्योंकि उसने आश्चर्यकर्म किए हैं! उसके दाहिने हाथ और पवित्र भुजा ने उसके लिये उद्धार किया है!
2
यहोवा ने अपना किया हुआ उद्धार प्रकाशित किया, उसने अन्यजातियों की दृष्टि में अपना धर्म प्रगट किया है।
3
उसने इस्राएल के घराने पर की अपनी करुणा और सच्चाई की सुधि ली, और पृथ्वी के सब दूर दूर देशों ने हमारे परमेश्वर का किया हुआ उद्धार देखा है।
4
हे सारी पृथ्वी के लोगो, यहोवा का जयजयकार करो; उत्साहपूर्वक जयजयकार करो, और भजन गाओ!
5
वीणा बजाकर यहोवा का भजन गाओ, वीणा बजाकर भजन का स्वर सुनाओ।
6
तुरहियाँ और नरसिंगे फूँक फूँककर यहोवा राजा का जयजयकार करो।
7
समुद्र और उस में की सब वस्तुएँ गरज उठें; जगत और उसके निवासी महाशब्द करें!
8
नदियाँ तालियाँ बजाएँ; पहाड़ मिलकर जयजयकार करें।
9
यह यहोवा के सामने हो, क्योंकि वह पृथ्वी का न्याय करने को आनेवाला है। वह धर्म से जगत का, और सच्चाई से देश देश के लोगों का न्याय करेगा।